राष्ट्रपति ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को किया संबोधित, देश को दिया विकसित भारत का संदेश

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे पर जताया दुख, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति ने कहा आज हमारा युवा स्टार्टअप्स, स्पोर्ट्स से लेकर स्पेस तक हर फील्ड में देश का नाम रोशन कर रहा है

नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। 18वीं लोकसभा के बजट सत्र का आज पहला दिन है। राष्ट्रपति ने सांसदों को संबोधित करते हुए देश को विकसित भारत का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे पर दुख जताया। राष्ट्रपति ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का विस्तार करते हुए तीन करोड़ अतिरिक्त परिवारों को नए घर देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए पांच लाख 36 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के छह करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा देने का फैसला हुआ है। इन्हें हर वर्ष पांच लाख रुपये का हेल्थ कवर मिलेगा।

राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में कहा कि भारत की विकास यात्रा के इस अमृतकाल को आज मेरी सरकार अभूतपूर्व उपलब्धियों के माध्यम से नई ऊर्जा दे रही है। तीसरे कार्यकाल में तीन गुना तेज गति से काम हो रहा है। आज देश बड़े निर्णयों और नीतियों को असाधारण गति से लागू होते देख रहा है। मेरी सरकार ने युवाओं की शिक्षा और उनके लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर विशेष फोकस किया है। मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा में वित्तीय सहायता देने के लिए पीएम विद्यालक्ष्मी योजना शुरू की गई है। एक करोड़ युवाओं को शीर्ष 500 कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर भी दिए जाएंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार ने आठवें वेतन आयोग का निर्णय लिया है। इससे केन्द्रीय कर्मचारियों को बहुत फायदा मिलेगा। भारत जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था भी बनेगा। आज हमारा युवा स्टार्टअप्स, स्पोर्ट्स से लेकर स्पेस तक हर फील्ड में देश का नाम रोशन कर रहा है। हमारी बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट सुविधाएं दूर दराज के इलाका में लोगों को वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 91 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को सशक्त किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *