केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की बड़ी घोषणा, दो पहिया वाहन निर्माताओं को अपने वाहन के साथ दो हेलमेट देना अनिवार्य

दिल्ली में आयोजित एक ऑटो समिट के दौरान इसकी घोषणा केंद्रीय मंत्री गडकरी की ओर से की गई

THMA के अध्यक्ष राजीव कपूर ने कहा- यह केवल एक नियम नहीं, बल्कि देश की आवश्यकता है

नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अक्सर अपने सकारात्मक फैसलों के लिए जाने जाते हैं। अब उन्होंने एक और बड़ी घोषणा की है। उनकी घोषणा के अनुसार, देश में दो पहिया वाहन निर्माताओं को अपने वाहन के साथ अब से दो हेलमेट देना अनिवार्य होगा। हेलमेट निर्माता संघ ने आश्वासन दिया कि वे गुणवत्तापूर्ण आईएसआई हेलमेट के उत्पादन में वृद्धि करेंगे और देशभर में इनकी उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से घोषणा की गई है कि अब से देश में दो पहिया वाहनों को खरीदते समय हर निर्माता को दो हेलमेट देने होंगे। यह हेलमेट आईएसआई प्रमाणित होंगे और इनको देना अनिवार्य होगा। दिल्ली में आयोजित एक ऑटो समिट के दौरान इसकी घोषणा केंद्रीय मंत्री की ओर से की गई है।

टू व्हीलर हेलमेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन की ओर से इस घोषणा का स्वागत किया गया है। THMA के अध्यक्ष राजीव कपूर ने कहा कि यह केवल एक नियम नहीं, बल्कि देश की आवश्यकता है। जो परिवार सड़क दुर्घटनाओं में अपनों को खो चुके हैं – उनके लिए यह फैसला उम्मीद की किरण है कि अब ऐसी त्रासदियों को रोका जा सकेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री की इस पहल को सड़क सुरक्षा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह कदम भारत में सुरक्षित और समझदारी भरी दोपहिया यात्रा के नए युग की शुरुआत करेगा।

बता दें कि हमारे देश में हर साल बड़ी संख्या में सड़क हादसे होते हैं। जानकारी के मुताबिक हर साल देश में 4.80 लाख सड़क हादसे होते हैं। इन हादसों में 1.88 लाख लोगों की मौत हो जाती है। खासकर दो पहिया वाहनों से जुड़े हादसों में हर साल 69 हजार लोगों की मौत होती है। जिसमें से लगभग 50 फीसदी मौत हेलमेट न पहनने के कारण होती हैं। यानी हेलमेट हमारे लिए कितना महत्वपूर्ण है, हमें इस बात को समझना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *