मध्यप्रदेश के 198 आईपीएस अधिकारियों ने सरकार को दिया अपनी संपत्ति का ब्यौरा, सबसे ज्यादा संपत्ति वरुण कपूर की

कई अधिकारियों के पास करोड़ों की संपत्ति, तो कुछ अधिकारी के पास अपना घर तक नहीं

प्रदेश के 55 जिलों में से 30 जिलों के एसपी की संपत्ति का ब्योरा वेबसाइट पर है उपलब्ध

भोपाल। मध्यप्रदेश के 198 आईपीएस अधिकारियों ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा सरकार को दिया है। इसमें स्पेशल डीजी वरुण कपूर 10 करोड़ 51 लाख की संपत्ति के साथ सबसे आगे हैं। यह जानकारी आईपीएस अफसरों द्वारा गृह मंत्रालय को दिए अपनी अचल संपत्ति के ब्योरे में सामने आई है।

बता दें कि मध्यप्रदेश में 319 आईपीएस हैं। इनमें से 48 पद खाली हैं। बाकी 271 में से 198 अधिकारियों ने 31 दिसंबर 2024 की स्थिति में अचल संपत्ति की जानकारी भेजी है। गृह मंत्रालय को दी गई जानकारी में यह बात सामने आई है कि कई अधिकारियों के पास करोड़ों की संपत्ति है और कुछ अधिकारी ऐसे भी हैं जिनके पास अपना घर तक नहीं है। यह जानकारी 31 दिसंबर 2024 तक की स्थिति के अनुसार है।

जानकारी में सामने आया है कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के पास भोपाल में एक करोड़ 11 लाख रुपए का एक प्लॉट और एक मकान है। वहीं, स्पेशल डीजी वरुण कपूर के पास 10 करोड़ 51 लाख रुपए की प्रॉपर्टी है। इसमें कृषि भूमि भी शामिल है। आईपीएस जयदीप प्रसाद के पास लगभग 5 करोड़ की खेती है। डीजी उपेंद्र कुमार जैन 8 करोड़ 39 लाख रुपए की प्रॉपर्टी के मालिक हैं। स्पेशल डीजी अजय कुमार शर्मा के पास दिल्ली और भोपाल में 6 करोड़ 15 लाख की संपत्ति है। इसमें फ्लैट, कृषि भूमि और प्लॉट शामिल हैं। चंबल रेंज में पदस्थ डीआईजी कुमार सौरभ के पास 7 करोड़ 15 लाख रुपए की अचल संपत्ति हैं।

सागर आईजी प्रमोद वर्मा, जबलपुर के प्रभारी आईजी सचिन अतुलकर और रीवा आईजी गौरव राजपूत ने संपत्ति का ब्योरा तो दिया है, लेकिन किसी तरह की अचल संपत्ति नहीं होने की बात कही है। वहीं, प्रदेश के 55 जिलों में से 30 जिलों के एसपी की संपत्ति का ब्योरा वेबसाइट पर है। इनमें से 14 ने अपनी प्रॉपर्टी शून्य बताई है। इसके साथ ही 25 एसपी की प्रॉपर्टी का ब्योरा वेबसाइट पर अपलोड नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *