बिहार में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस पार्टी भी तैयारी के साथ मैदान आ गई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी अब एक्टिव मोड में आ गए हैं। “पलायन रोको नौकरी दो यात्रा” में शामिल होने के लिए राहुल गांधी बेगूसराय के सुभाष चौक पर पहुंचे। यहां से राहुल गांधी पैदल ही सुभाष चौक से लेकर हर हर महादेव चौक तक यात्रा में शामिल हुए। यह पदयात्रा कन्हैया कुमार के नेतृत्व में की गई थी।
बता दें कि राहुल गांधी पिछले चार महीने में तीसरी बार बिहार के दौरे पर हैं। इसी के तहत राहुल आज यानी 7 अप्रैल को बेगूसराय में चल रही कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ पदयात्रा में शामिल हुए। कन्हैया कुमार की पदयात्रा में राहुल गांधी के शामिल होने को लेकर कांग्रेस समर्थकों में जोरदार उत्साह नजर आया।
पदयात्रा के दौरान ही कांग्रेस पार्टी की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया कि आज राहुल गांधी ने ‘पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’ में कदमताल कर यात्रा के संदेश को मजबूती के साथ बुलंद किया। बिहार के युवाओं को पलायन नहीं, उन्हें खुद के प्रदेश में रोजगार मिले। यह हमारी यात्रा का लक्ष्य है। यह यात्रा बिहार के संघर्ष की आवाज और उम्मीद है। हम वर्षों से अन्याय झेल रहे राज्य के नौजवानों को ‘न्याय का हक’ दिलाकर रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल के बाद बिहार कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम जाएंगे। राहुल सदाकत आश्रम में बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। गौरतलब है कि प्रदेश प्रभारी से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक, बिहार कांग्रेस में नई नियुक्तियों के बाद राहुल गांधी का ये पहला बिहार दौरा है। बिहार कांग्रेस की नई टीम के साथ राहुल गांधी की ये पहली बैठक होगी।