अभिषेक शर्मा ने खेली अक्रामक पारी, 54 गेंदों में बनाए 135 रन
भारत ने 5 मैचों की सीरिज को 4-1 से अपने नाम किया
भारत ने इंग्लैंड को पांचवें टी20 मैच में 150 रनों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की है। रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा की आक्रामक शतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट पर 247 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 10.3 ओवर में सिर्फ 97 रन बना पाई और ऑलआउट हो गई। इस तरह सूर्यकुमार यादव की टीम ने इंग्लैंड को हराकर 4-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को साल 2023 में 168 रन से हराया था।
टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। संजू सैमसन ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर माहौल बना दिया। लेकिन वह विकेट पर ज्यादा समय नहीं बिता सके और 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मोर्चा अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी हुई, जिसे ब्रायडन कार्स ने तोड़ा। उन्होंने तिलक को अपना शिकार बनाया। वह 24 रन बनाकर लौटे। इस मैच में बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने वन मैन शो दिखाते हुए 54 गेंदों में 135 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और 13 छक्के निकले। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने दो, शिवम दुबे ने 30, हार्दिक पांड्या ने नौ, रिंकू सिंह ने नौ, अक्षर पटेल ने 15 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी। बेन डकेट को मोहम्मद शमी ने पारी के तीसरे ओवर की पहली गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए फिल सॉल्ट के अलावा कोई बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सका। उन्होंने मात्र 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 55 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे जबकि नौ बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू पाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने तीन विकेट जबकि वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे और अभिषेक शर्मा को दो-दो विकेट मिले।