मुंबई। कॉमेडियन कुणाल कामरा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करना महंगा पड़ गया है। उनके खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। अब महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कुणाल कामरा को शिवसेना नेता के खिलाफ अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। सीएम ने कहा कि वह कॉमेडी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन किसी का अपमान करना ठीक नहीं है। इस तरह की लो लेवल की कॉमेडी और उपमुख्यमंत्री का अपमान करना ठीक नहीं है। ऐसा मजाक बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सीएम ने कहा कि कॉमेडी करना अधिकार है, लेकिन जान बूझकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है, तो यह ठीक नहीं है। कुणाल कामरा ने वही लाल संविधान की किताब पोस्ट की है, जो राहुल गांधी ने दिखाई थी। दोनों ने संविधान नहीं पढ़ा है। संविधान हमें बोलने की आजादी देता है, लेकिन उसकी कुछ सीमाएं हैं।
फडणवीस ने कहा कि लोगों ने 2024 के विधानसभा चुनावों में हमें वोट दिया और समर्थन दिया। जो लोग गद्दार थे, उन्हें लोगों ने घर भेज दिया। जनता ने उन लोगों को उनकी जगह दिखा दी, जिन्होंने हास्य पैदा किया। अपमानजनक बयान देना स्वीकार नहीं किया जा सकता। इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
बता दें कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी को लेकर कॉमेडियन कुणाल कामरा विवादों में हैं। कुणाल कामरा ने अपने शो में बॉलीवुड की फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के गीत पर पैरोडी बनाई थी, जिसमें उन्होंने डिप्टी शिंदे पर तीखे कमेंट किए थे। इस पर भड़के शिवसैनिकों ने जहां शो का आयोजन किया गया था, वहां धावा बोल दिया था। दरअसल, शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई के खार इलाके में होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की थी। इस होटल में स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के शो की शूटिंग हुई थी, जिसमें उन्होंने बिना नाम लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष करते हुए उन्हें गद्दार बोला था। इसके बाद शिवसेना युवा सेना (शिंदे गुट) के महासचिव राहुल कनाल और 19 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।