महू में आज होने वाली कांग्रेस की बड़ी सभा के एक दिन पहले यानी 26 जनवरी को मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे। उन्होंने बाबा साहेब आंबेडकर के स्मारक पर पहुंचकर माल्यार्पण किया। इसके बाद अस्थिकलश के दर्शन भी किए। उन्होंने यहां बिना नाम लेते हुए कांग्रेस की रैली पर निशाना साधा और कहा कि कुछ लोग बाबा साहब की जन्मस्थली पर पर्यटन के लिए आते हैं। मुख्यमंत्री के साथ महू की विधायक उषा ठाकुर भी मौजूद थी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि कुछ लोग यहां इवेंट करने आ रहे है। वे बाबा साहेब की जन्मस्थली को सिर्फ पर्यटन केंद्र के रुप में देख रहे है। बाबा साहेब को सम्मान देने के लिए उनकी महत्वपूर्ण तिथियों पर आना चाहिए।
महू में 27 जनवरी को जय बापू-जय भीम, जय संविधान यात्रा के समापन पर सभा होगी। जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के अलावा कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल होंगे। वहीं, 27 जनवरी को इंदौर में मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर के हितग्राहियों का सम्मेलन करेंगे। इसमें भी बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र करने की तैयारी की गई है।