बस ऑपरेटर्स ने ट्रांसपोर्ट कमिश्नर विवेक शर्मा से चर्चा के बाद लिया हड़ताल स्थगित करने का निर्णय
मध्यप्रदेश में यात्री बसों के अस्थाई परमिट पर रोक लगा दी गई थी। इसके विरोध में बस ऑपरेटर्स की 27 और 28 जनवरी को हड़ताल होने वाली थी। अब यह हड़ताल स्थगित कर दी गई है। यह फैसला ट्रांसपोर्ट कमिश्नर विवेक शर्मा से हुई चर्चा के बाद लिया गया है।
26 जनवरी की रात को ट्रांसपोर्ट कमिश्नर विवेक शर्मा और बस संचालकों के बीच चर्चा हुई। बैठक में सहमति बनी कि जिन बस संचालकों के दिसंबर 2024 तक स्थाई परमिट के आवेदन लंबित हैं, उन्हें 1 फरवरी 2025 से अस्थायी परमिट जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, जनवरी माह का जो टैक्स जमा किया गया है, वह फरवरी में एडजस्ट किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ने इस दौरान भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर जल्दी ही रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) का गठन किया जाएगा और इसके लिए कुशल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
बता दें कि, एमपी हाईकोर्ट ने 1 जनवरी से यात्री बसों के अस्थायी परमिट पर रोक लगा दी थी। इसके बाद से ही यह मुद्दा बड़ा बनता जा रहा है। कोर्ट ने यह कदम अस्थायी परमिट के नाम पर हो रही धांधली को रोकने के लिए उठाया है। हालांकि, शादी या भ्रमण जैसे खास मौकों के लिए ही परमिट जारी किए जा रहे हैं।