भोपाल। भारतीय मजदूर संघ, मध्य प्रदेश द्वारा प्रदेश स्तरीय युवा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन 23 फरवरी 2025 (रविवार) को किया जा रहा है। यह कार्यक्रम ठेंगड़ी भवन, भारत माता (डीपो) चौराहा, श्रद्धा रोड, भोपाल में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक सशक्तिकरण, श्रमिक हितों एवं औद्योगिक विकास में उनकी भूमिका पर मार्गदर्शन प्रदान करना है।
इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रहलाद सिंह पटेल (मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्रालय, म.प्र. शासन) होंगे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय सिंह (प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ, मध्य प्रदेश) करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए भारतीय मजदूर संघ, प्रदेश मंत्री राजन नायर ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश भर से 800 युवा कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। इन युवाओं को भारतीय मजदूर संघ की कार्यपद्धति से अवगत कराया जाएगा और यह बताया जाएगा कि एक मज़दूर संगठन किस तरह कार्य करता है।