
अमेरिका। अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को बड़ा संकट खड़ा हो गया। देशभर के एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की संचार व्यवस्था में तकनीकी खराबी आने के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सभी एयरपोर्ट से उड़ानों के टेकऑफ पर तत्काल रोक लगा दी। संचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण विमानन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह असाधारण फैसला लिया गया। इसके चलते देशभर में हजारों उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अमेरिका के अलग-अलग हिस्सों में कम्युनिकेशन और रेडियो फ्रीक्वेंसी से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। इसका असर देश के 22 एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर पर पड़ा, जो विमानों की आवाजाही को नियंत्रित करते हैं। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि संचार संबंधी समस्या के बाद FAA के तकनीकी विशेषज्ञों को जांच में लगाया गया है। एजेंसी ने सभी एयरलाइन ऑपरेटरों को अगले आदेश तक विमानों को जमीन पर रखने के निर्देश दिए।
इस फैसले का असर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। हालांकि, जो विमान पहले से हवा में थे, उन्हें सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति दी गई। अमेरिका आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अलग-अलग परिस्थितियों के आधार पर संचालित करने का फैसला लिया गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस व्यवधान के कारण 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं, जबकि करीब 10 हजार उड़ानों में देरी दर्ज की गई।
अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि फिलहाल इस घटना के पीछे किसी साइबर हमले या जानबूझकर की गई साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि संचार व्यवस्था सामान्य होने और सुरक्षा संबंधी स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही उड़ानों का संचालन पूरी तरह बहाल किया जाएगा।
22 अक्टूबर 2026