
धार। सरकारी नौकरी से मिलने वाला वेतन करीब 65 लाख रुपए और संपत्ति व खर्च का हिसाब 2 करोड़ 41 लाख रुपए से ज्यादा। आय और संपत्ति के बीच इतना बड़ा अंतर सामने आने के बाद लोकायुक्त इंदौर की टीम ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। मंगलवार 4 नवंबर को हुई इस कार्रवाई में सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित मकानों और अन्य संपत्तियों की तलाशी ली गई। लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, प्रबंधक की संपत्ति और खर्च उसकी ज्ञात वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक है।
सर्च के दौरान सोडपुर में 0.152 हेक्टेयर जमीन पर बना करीब 2400 वर्गफीट का दो मंजिला भवन मिला। इसकी अनुमानित कीमत 97 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा नालछा में मांडव रोड स्थित सोडपुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का व्यावसायिक भवन भी सामने आया है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। जांच में इन संपत्तियों के दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।
लोकायुक्त को प्रबंधक की पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर भी जमीन होने की जानकारी मिली है। इसमें सोडपुर की 0.645 हेक्टेयर और मांडव की 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल है। इनकी अनुमानित कीमत क्रमश: 8 लाख और 42 लाख रुपए बताई गई है। इसके साथ ही जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, टीयूवी, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि उपकरण भी मिले हैं। इनकी कुल कीमत करीब 53 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक अन्य भवन और कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जानकारी भी मिली है। इनकी वास्तविक स्थिति और स्वामित्व का सत्यापन किया जा रहा है।
लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश पर डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन और एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में तीन टीमों ने कार्रवाई की। आरोपी शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। सर्च कार्रवाई में डीएसपी आनंद चौहान, निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। लोकायुक्त की टीमें अब सामने आई संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य निवेशों की पड़ताल कर रही हैं।
3 नवंबर 2026