
भोपाल। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद से फरार चल रहे उनके केयरटेकर वरुण कुमार को आखिरकार पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया। करीब एक महीने से उसकी तलाश में जुटी पुलिस टीम जब उसे भोपाल लेकर आ रही थी, तभी मंगलवार सुबह मुगलिया छाप के पास उसने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम के साथ झूमाझटकी के बाद भी जब वह नहीं रुका तो पुलिस ने गोली चला दी। गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे पकड़कर हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को आगरा से गिरफ्तार करने के बाद विशेष टीम भोपाल ला रही थी। रास्ते में मुगलिया छाप के पास उसने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस के साथ उसकी झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें वरुण के पैर में गोली लग गई।
30 सितंबर की रात सूरज नगर स्थित आवास पर रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही उनके केयरटेकर वरुण कुमार पर शक गहराया और पुलिस ने उसे मुख्य आरोपी माना। हालांकि, घटना के बाद वह लगातार पुलिस की पकड़ से दूर रहा।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भोपाल पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में लगातार दबिश दे रही थीं। ग्वालियर, मथुरा, वृंदावन और पंजाब में भी उसकी तलाश की गई। पुलिस को कुछ स्थानों से उसके CCTV फुटेज भी मिले थे, जिनके आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही थी। लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा वरुण आखिरकार आगरा में पकड़ में आ गया।
29 अक्टूबर 2026