
भोपाल। रसोई के बजट पर महंगाई का असर एक बार फिर दिखाई देने लगा है। मध्य प्रदेश में दूध के बाद अब दालों की कीमतों में भी तेजी आ रही है। भोपाल में अच्छी क्वालिटी की तुअर दाल के भाव 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। एक सप्ताह में ही इसके दाम करीब 12 रुपए तक बढ़े हैं। चना दाल, मूंग और उड़द के भाव में भी उछाल आया है। हालांकि, शक्कर, आटा और ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में गिरावट से आम उपभोक्ताओं को कुछ राहत जरूर मिली है।
थोक किराना व्यापारी के मुताबिक, दीपावली के बाद खाद्य वस्तुओं की मांग और बाजार में आवक के आधार पर कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मंडियों में पुराने स्टॉक की उपलब्धता सीमित है और नए स्टॉक की आवक भी पर्याप्त नहीं हो रही है। इसका असर खासतौर पर दालों की कीमतों पर दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में आवक और मांग के आधार पर कीमतों की दिशा तय होगी।
थोक चावल-दाल व्यापारियों के अनुसार, दालों के बाजार में फिलहाल तेजी का रुख है। तुअर दाल के भाव पहले 80 से 138 रुपए प्रति किलो थे, जो अब बढ़कर 90 से 150 रुपए तक पहुंच गए हैं। हरी मूंग दाल 85 से 96 रुपए से बढ़कर 88 से 98 रुपए, जबकि उड़द दाल 113 से 123 रुपए से बढ़कर 115 से 125 रुपए प्रति किलो हो गई है।
मूंग मोगर के भाव 103 से 108 रुपए से बढ़कर 105 से 110 रुपए प्रति किलो हो गए हैं। चना दाल में भी तेजी आई है। इसके दाम 86 से 89 रुपए से बढ़कर 90 से 94 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। बेसन भी महंगा हुआ है। पहले 92 से 95 रुपए प्रति किलो बिकने वाला बेसन अब 98 से 105 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है। यानी दालों के साथ उनसे बनने वाले रोजमर्रा के खाद्य उत्पादों की कीमतें भी उपभोक्ताओं को प्रभावित कर रही हैं।
राजधानी किराना एवं ड्राई फ्रूट्स संगठन के अध्यक्ष किशोर राजदेव और सचिव शेखावत राय के मुताबिक, दीपावली के बाद ड्राई फ्रूट्स के बाजार में 5 से 10 प्रतिशत तक नरमी आई है। किशमिश के भाव 400 से 550 रुपए से घटकर 350 से 500 रुपए प्रति किलो रह गए हैं। बादाम भी 850 से 1200 रुपए से घटकर 800 से 1100 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। हालांकि, काजू के भाव में कोई खास बदलाव नहीं आया है और यह 850 से 1200 रुपए प्रति किलो की रेंज में बना हुआ है।
रसोई के बजट के लिए राहत की बात यह है कि आटा और शक्कर के दाम घटे हैं। 1 नवंबर को करीब 61 रुपए प्रति किलो बिकने वाली शक्कर अब 58 रुपए पर आ गई है। यानी तीन रुपए प्रति किलो की कमी आई है। इसी तरह आटे के भाव 33.50 से 35 रुपए से घटकर 32 से 34 रुपए प्रति किलो रह गए हैं। मैदा भी 36 से 37 रुपए से घटकर 34.50 से 35.50 रुपए प्रति किलो पर आ गया है।
14 नवंबर 2026