
इंदौर। रविवार रात इंदौर में संगीत का अलग ही रंग देखने को मिला। घड़ी में रात के आठ बजते ही हजारों दर्शकों का इंतजार खत्म हुआ और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने अपने खास अंदाज में मंच पर दस्तक दी। सफेद कपड़े, काला चश्मा और चांद के आकार का प्लेटफॉर्म... दिलजीत की इस शानदार एंट्री ने फैंस का उत्साह दोगुना कर दिया। तालियों और सीटियों के बीच उन्होंने हाथ हिलाकर दर्शकों का अभिवादन किया और फिर शुरू हुआ गानों का सिलसिला। देखते ही देखते पूरा स्टेडियम पंजाबी धुनों पर झूमने लगा।
दिलजीत अपने 'आरा इंडिया टूर 2026' के तहत इंदौर पहुंचे थे। कॉन्सर्ट रात आठ बजे शुरू होना था, लेकिन फैंस का उत्साह ऐसा था कि दोपहर दो बजे से ही आयोजन स्थल पर भीड़ जुटने लगी थी। हर किसी को अपने पसंदीदा सिंगर की एक झलक पाने का इंतजार था। मंच पर पहुंचते ही दिलजीत ने अपने लोकप्रिय गानों से माहौल बना दिया। उनके हर गाने पर दर्शकों ने साथ गाकर और झूमकर अपनी दीवानगी जाहिर की।
कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत के चार गाने 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम' और 'जट्ट फायर करदा' विवादों में रहे थे। इन गानों को लेकर रोक लगाए जाने की चर्चा भी हुई थी। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने इनमें से कुछ गाने गाकर दर्शकों को चौंका दिया।
संगीत के इस बड़े आयोजन से पहले सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर थीं। इंदौर के अलग-अलग संस्थानों को करीब नौ धमकी भरे ई-मेल मिले थे। इनमें 2 और 12 नवंबर को भेजे गए मेल शामिल थे। 10 नवंबर को ग्वालियर हाईकोर्ट की बेंच को भी धमकी भरा ई-मेल मिला था। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के सचिवालय, बैंकों और निजी स्कूलों को भी धमकी भरे संदेश भेजे गए थे।
कॉन्सर्ट को लेकर RDX विस्फोट की धमकी भी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। बम डिस्पोजल टीम को तैनात किया गया और ड्रोन के जरिए पूरे आयोजन स्थल पर निगरानी रखी गई। बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
14 नवंबर 2026