
पंजाब। चलती ट्रेन में अचानक आग लगने से शुक्रवार दोपहर यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग की शुरुआत इंजन के पास लगे जनरल कोच से हुई। कुछ ही देर में लपटों ने आसपास के तीन अन्य डिब्बों को भी अपनी चपेट में ले लिया। डिब्बों से उठता धुआं और आग की लपटें देखकर यात्रियों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। ट्रेन रुकते ही लोग सामान छोड़कर बाहर निकलने लगे। कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए ट्रेन से छलांग लगा दी और पास के खेतों की तरफ भागे।
हादसा दोपहर करीब 1:15 बजे फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ और पटियाला के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। ट्रेन में करीब 1500 यात्री सवार थे। रेलवे और दमकल विभाग को सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआती जांच में कोच के पंखे में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस 22 कोच वाली अनारक्षित ट्रेन थी। आग से तीन जनरल कोच पूरी तरह प्रभावित हुए, जबकि चौथे कोच में भी आग पहुंच गई। अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
आग बुझाने और प्रभावित डिब्बों को हटाने के बाद रेलवे ने यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की। यात्रियों को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर सराय बंजारा स्टेशन पहुंचने के लिए कहा गया। यहां से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए दो स्पेशल ट्रेन रवाना की गईं। जले हुए कोच को ट्रैक से हटाने के बाद रेल परिचालन भी बहाल कर दिया गया। रेलवे प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि चलती ट्रेन के कोच में आग किस वजह से लगी और इतनी तेजी से दूसरे डिब्बों तक कैसे फैल गई।
3 नवंबर 2026