
इंदौर। शहर की सड़कों पर वाहन खड़ा करने के तरीके अब बदलने वाले हैं। प्रमुख मार्गों पर बेतरतीब पार्किंग और इससे लगने वाले जाम पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम 24 सड़कों पर सशुल्क पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। इन सड़कों पर वाहन खड़ा करने के लिए लोगों को निर्धारित शुल्क देना होगा। किस सड़क पर दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे और कहां चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी, यह व्यवस्था के अनुसार तय किया जाएगा। निगम पार्किंग संचालन का जिम्मा ठेकेदारों को सौंपेगा।
शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहन चालक कहीं भी गाड़ी खड़ी कर देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और व्यस्त समय में यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनती है। इस समस्या को लेकर पिछले दिनों कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चर्चा की गई थी। बैठक में नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने माना कि पार्किंग को व्यवस्थित किए बिना यातायात सुधारना मुश्किल है।
बैठक में सुझाव आया कि प्रमुख सड़कों पर ऐसी व्यवस्था हो, जिससे वाहन निर्धारित स्थानों पर ही खड़े किए जाएं। इसके लिए हर सड़क पर निगरानी टीम तैनात करने की जरूरत थी, लेकिन नगर निगम ने पर्याप्त स्टाफ नहीं होने की बात रखी। इसके बाद पार्किंग को शुल्क आधारित बनाकर ठेके पर देने का विकल्प सामने आया। इससे पार्किंग का संचालन व्यवस्थित तरीके से करने और सड़क पर वाहनों की अनियंत्रित कतारों को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुए निर्णय के आधार पर 24 सड़कों को सशुल्क पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया है। यहां पार्किंग व्यवस्था संचालित करने के लिए ठेके दिए जाएंगे। वाहन चालकों से लिया जाने वाला शुल्क महापौर परिषद तय करेगी। निगम इस व्यवस्था को जल्द लागू करने की तैयारी में है। हालांकि, फिलहाल पार्किंग शुल्क की दरें और चिह्नित 24 सड़कों की सूची घोषित नहीं की गई है।
28 अक्टूबर 2026