
इंदौर। इंदौर में भाजपा आज यानी 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान चलाएगी। अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों को लेकर केसर बाग रोड स्थित एक गार्डन में भाजपा इंदौर महानगर की बैठक हुई। इसमें पार्टी नेताओं ने अभियान के जरिए जनता तक अपनी बात पहुंचाने और विभिन्न वर्गों से संवाद करने की रणनीति पर चर्चा की।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि श्रीलंका, फ्रांस, बांग्लादेश और नेपाल जैसे देशों में अशांति का माहौल देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ विदेशी ताकतें भारत को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहतीं और देश के विकास में बाधा डालने का प्रयास कर रही हैं। विजयवर्गीय के मुताबिक, भाजपा की लड़ाई ऐसी ताकतों से है, जो भारत की प्रगति को रोकना चाहती हैं।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि अभियान के माध्यम से विपक्ष के कथित षड्यंत्रों और भ्रम को जनता के सामने रखा जाएगा। इसके लिए पदयात्राएं निकाली जाएंगी और प्रबुद्धजनों के साथ गोष्ठियां आयोजित होंगी। युवाओं से संवाद, छात्र प्रतियोगिताएं और सोशल मीडिया पर प्रभाव रखने वाले लोगों के साथ चर्चा भी अभियान का हिस्सा होगी।
अभियान की रणनीति पर हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा और गोलू शुक्ला सहित भाजपा के अन्य नेता मौजूद रहे। पार्टी का फोकस अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने और अपने मुद्दों पर जनसंवाद करने पर रहेगा।
28 अक्टूबर 2026