
इंदौर। कन्या भोज के लिए गईं सात बच्चियों के साथ मारपीट और उन्हें कई घंटे तक कमरे में बंद रखने का मामला सामने आया है। परिजनों ने शहनाई रेसिडेंसी में रहने वाली सरकारी स्कूल की रिटायर्ड शिक्षिका अनिता मोहता पर बच्चियों को चोरी के आरोप में पीटने, उनके कपड़े उतरवाने और धमकाने के आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद एमआईजी पुलिस ने बच्चियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बच्चियां बीआरटीएस के एमआर-9 चौराहे के पास स्थित शहनाई रेसिडेंसी में कन्या भोज के लिए गई थीं। आरोप है कि फ्लैट नंबर 303 में रहने वाली अनिता मोहता ने उन्हें अपने घर भोजन के लिए बुलाया। बच्चियों को गिफ्ट और पैसे देने की बात भी कही गई थी। इसके बाद जब बच्चियां उनके घर पहुंचीं तो महिला ने वहां रखे पैसे चोरी होने का आरोप लगा दिया।
बच्चियों का आरोप है कि चोरी करने से इनकार करने के बावजूद महिला ने उनकी बात नहीं सुनी और थप्पड़ मारने लगी। परिजनों ने महिला पर बच्चियों के कपड़े उतरवाकर उनके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चियों को कमरे में बंद कर दिया गया और दरवाजे पर ताला लगा दिया गया।
परिजनों के अनुसार, बच्चियों को करीब चार घंटे तक कमरे में बंद रखा गया। आरोप है कि उन्हें धमकाया गया कि यदि उन्होंने चिल्लाने या बाहर निकलने की कोशिश की तो उन्हें घर नहीं जाने दिया जाएगा और जान से मार दिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन बच्चियों को लेकर एमआईजी थाने पहुंचे और महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिस महिला पर आरोप लगाए गए हैं, वह सरकारी स्कूल से रिटायर्ड शिक्षिका हैं। बताया गया है कि उन्होंने नया बसेरा क्षेत्र में करीब 10 साल तक पढ़ाया है, जहां ये बच्चियां रहती हैं। एमआईजी थाना प्रभारी चंद्रभाल सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। बच्चियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
15 अक्टूबर 2026