
इंदौर। शहर के कनकेश्वरी गरबा पंडाल में 15 साल की लड़की के साथ कथित बदसलूकी और धक्का-मुक्की का वीडियो सामने आया है। वीडियो में जीजा बाई मंडल के भाजपा अध्यक्ष कमल चौहान लड़की को धक्का देते और गुस्से में बात करते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा पदाधिकारी को बर्खास्त करने और मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात शहर के पूर्वी क्षेत्र में आयोजित गरबा उत्सव में लड़की अपने परिजन के साथ पहुंची थी। वह गरबा खेलना चाहती थी, लेकिन उसे प्रवेश देने से मना कर दिया गया। इसी बात को लेकर आयोजन की व्यवस्था संभाल रहे लोगों और लड़की के परिजन के बीच बहस शुरू हो गई। बाद में विवाद बढ़ने पर कमल चौहान भी मौके पर पहुंच गए।
वायरल वीडियो में कमल चौहान बैरिकेडिंग पार कर लड़की के परिजन से बहस करते दिखाई देते हैं। इसके बाद वे लड़की से भी उलझते नजर आते हैं। वीडियो में लड़की उन्हें कहती सुनाई देती है, 'मुझे हाथ मत लगाना।' इसके बावजूद वे उसकी बांह पकड़कर धक्का देते दिखाई देते हैं। आरोप है कि उन्होंने लड़की को तीन से चार बार धक्का देकर पंडाल से बाहर कर दिया। धक्के के कारण लड़की कई फीट दूर जाती दिखाई देती है।
वीडियो में कमल चौहान लड़की से 'तू हट जा यहां से' कहते सुनाई देते हैं। इस पर लड़की उनके व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कहती है कि यह ठीक नहीं है। वह पुलिस में शिकायत करने की बात भी कहती है। मौके पर मौजूद कुछ लोग कमल चौहान को रोकने की कोशिश करते दिखाई देते हैं, लेकिन वीडियो में वे लड़की से बहस और धक्का-मुक्की करते नजर आते हैं। घटना के दौरान गाली-गलौज किए जाने का आरोप भी सामने आया है।
मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने इंदौर महानगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा से सवाल करते हुए कहा कि गरबा पंडाल में बच्ची के साथ धक्का-मुक्की की गई है। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा इस मामले में संबंधित मंडल अध्यक्ष को बर्खास्त करेगी। कांग्रेस ने संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है।
15 अक्टूबर 2026