
देवास। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की जान चली गई। रविवार देर रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर शराब से भरे आयशर वाहन को रोकने के दौरान वे उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे तक सीपीआर और उपचार के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद आयशर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर टीआई दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पहुंचे। नेमावर पुलिस भी इसी आयशर वाहन का पीछा कर रही थी। पुलिस को वाहन हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला। टीआई पुरी ने चालक को बाहर आने के लिए कहा, लेकिन वह वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने लगा। इसी दौरान वाहन का पिछला पहिया टीआई पुरी के ऊपर चढ़ गया। हादसे में उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया।
घटना के बाद चालक आयशर को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को संदलपुर थाने में खड़ा कराया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। टीआई के परिजन भी खातेगांव पहुंच गए हैं।

28 अक्टूबर 2026