
इंदौर। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय तेज धूप निकल रही है, जबकि शाम होते-होते बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की स्थिति बन रही है। गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इंदौर में दिन का तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का पारा 22.1 डिग्री रहा।
मौसम विज्ञानी एचएस पांडे के अनुसार, दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ रहा है। वहीं, सीबी क्लाउड्स बनने के कारण शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश की स्थिति बन रही है। अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही पैटर्न बने रहने की संभावना है। ऐसे में इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में दिन में गर्मी और शाम को अचानक मौसम बदलने के आसार हैं।
वर्तमान में उत्तर हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय है। हालांकि, इसका मध्य प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई खास असर पड़ने की संभावना नहीं है। बारिश में कमी के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। छिंदवाड़ा में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री और रतलाम में 3.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अंडमान सागर में एक नया मौसम सिस्टम विकसित हो रहा है। इसके प्रभाव से सितंबर के अंतिम सप्ताह में प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना बन सकती है। दूसरी ओर, अगले सप्ताह से मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के शुरुआती संकेत भी मिलने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है।
इंदौर : अधिकतम 32.4, न्यूनतम 22.1 डिग्री
भोपाल : अधिकतम 31.4, न्यूनतम 23.6 डिग्री
जबलपुर : अधिकतम 32.9, न्यूनतम 23.6 डिग्री
ग्वालियर : अधिकतम 35.2, न्यूनतम 26.3 डिग्री
7 अक्टूबर 2026