
नई दिल्ली। सर्राफा बाजार में तेजी का दौर थमने के बाद अब सोना और चांदी लगातार सस्ते हो रहे हैं। कुछ समय पहले तक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंची इन दोनों धातुओं के भाव में अब बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। शुक्रवार को सोने की कीमत में 1,808 रुपए और चांदी में 3,540 रुपए की कमी आई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव घटकर 1.36 लाख रुपए रह गया, जबकि एक किलो चांदी 1.77 लाख रुपए पर आ गई।
पिछले तीन दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोना 6,536 रुपए और चांदी करीब 8,500 रुपए टूट चुकी है। 10 नवंबर को सोना 1.42 लाख रुपए और चांदी 1.86 लाख रुपए के स्तर पर थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती, बॉन्ड की बढ़ती ताकत और ऊंचे भाव पर निवेशकों की मुनाफावसूली को इस गिरावट की बड़ी वजह माना जा रहा है। दूसरी ओर, महंगे दामों के कारण आम ग्राहकों ने भी खरीदारी कम कर दी है। इससे बाजार में मांग कमजोर हुई है।
चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे निवेश और औद्योगिक दोनों मोर्चों पर दबाव है। सोलर पैनल और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग में चांदी की बड़ी खपत होती है। वैश्विक आर्थिक सुस्ती के बीच औद्योगिक मांग को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। इसके अलावा वायदा बाजार में बड़े कारोबारियों की बिकवाली ने भी कीमतों को नीचे खींचा है। सोने की कीमतों में गिरावट का असर चांदी के बाजार पर भी दिखाई दे रहा है।
कमोडिटी एक्सपर्ट का मानना है कि सोने-चांदी में मौजूदा उतार-चढ़ाव को देखते हुए निवेशकों को जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। एक साथ पूरी रकम लगाने के बजाय अलग-अलग चरणों में खरीदारी करना बेहतर होगा। इसके लिए 15 से 20 दिन के अंतराल पर निवेश किया जा सकता है। उनका सुझाव है कि सोने-चांदी में निवेश करते समय एक-दो महीने के बजाय छह महीने से एक साल तक का नजरिया रखना चाहिए।
11 नवंबर 2026