
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार का नया अत्याधुनिक विमान भोपाल पहुंच गया है। करीब 250 करोड़ रुपये की लागत वाला बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 स्टेट हैंगर में खड़ा है। मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी अब इसी विमान से सफर कर सकेंगे। हालांकि, विमान के संचालन के लिए अभी करीब 45 दिन का इंतजार करना होगा।
बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 में नौ यात्रियों के बैठने की सुविधा है। यह विमान एक बार में करीब 6,297 किलोमीटर तक उड़ान भरने में सक्षम है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस जेट के जरिए लंबी दूरी की यात्राएं आसान होने की उम्मीद है। विमान के संचालन से पहले जरूरी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
विमान के पंजीयन, तकनीकी जांच और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की मंजूरी की प्रक्रिया अभी बाकी है। सरकार का दावा है कि अपने विमान के इस्तेमाल से चार्टर्ड विमानों पर होने वाला मासिक खर्च घटकर करीब एक-तिहाई रह जाएगा। करीब पांच साल बाद मध्यप्रदेश सरकार अपने विमान से उड़ान भरने की तैयारी में है। अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने का इंतजार है।
24 अक्टूबर 2026