
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार शाम दुर्गा पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। चोरबागान दुर्गा पंडाल में अचानक भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कोलकाता पुलिस के मुताबिक, शाम को बारिश शुरू होने के बाद कई श्रद्धालु भीगने से बचने के लिए पंडाल के अंदर रुक गए थे। इसी दौरान शाम करीब 7:40 बजे बाहर मौजूद भीड़ ने भी अंदर प्रवेश करने की कोशिश की। पंडाल में लोगों की संख्या बढ़ने के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। कोलकाता मेडिकल कॉलेज के सूत्रों ने मृतकों की संख्या 20 और घायलों की संख्या 45 से अधिक होने का दावा किया है। इस तरह मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं।
हादसे के बाद चोरबागान पंडाल की लाइटें बंद कर दी गईं और श्रद्धालुओं की एंट्री रोक दी गई। एहतियात के तौर पर कोलकाता के कई अन्य दुर्गा पूजा पंडाल भी बंद करा दिए गए हैं। गौरतलब है कि दुर्गा पूजा के लिए शहर में करीब 3500 पंडाल बनाए गए हैं, जहां इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 18003455678 जारी किया है।
24 अक्टूबर 2026