
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए विवादित पोस्ट के मामले में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के अध्यक्ष सनी जोसेफ को कानूनी नोटिस भेजा गया है। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के संयुक्त सचिव और एडवोकेट मीनश दुबे ने नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा है।
नोटिस में केरल कांग्रेस के आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट से किए गए पोस्ट को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। दुबे ने सवाल उठाया है कि पोस्ट के लिए चीफ जस्टिस सूर्यकांत से सार्वजनिक रूप से माफी क्यों नहीं मांगी गई। साथ ही, पोस्ट प्रकाशित करने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ स्पष्ट फटकार या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं।
नोटिस में कहा गया है कि लोकतंत्र में राजनीतिक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण अधिकार है, लेकिन राजनीतिक दलों और उनके पदाधिकारियों को आधिकारिक बयान जारी करते समय संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उचित सावधानी और सम्मान बनाए रखना चाहिए। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी कानूनी दायित्व का निर्धारण संबंधित तथ्यों और लागू कानून के आधार पर ही होगा।
एडवोकेट मीनश दुबे ने चेतावनी दी है कि यदि सनी जोसेफ का जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो वे उचित मंच पर मामला उठा सकते हैं। उन्होंने कानून के तहत उपलब्ध अन्य उपायों के साथ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने का अधिकार भी सुरक्षित रखा है।
24 अक्टूबर 2026