
रायपुर। एक तरफ पर्यावरण के बचाव के लिए लगातार अवेयरनेस कैंपेन आयोजित होते हैं वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार लोग अंधाधुंध पेड़ों के कटाई कर देते हैं। हाल ही में धमतरी-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) के चौड़ीकरण और उन्नयन परियोजना में वन विभाग के अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क निर्माण के दौरान स्वीकृत डीजीपीएस एलाइनमेंट का पालन नहीं किया गया। इसके कारण 8 हजार 159 पेड़ों की कटाई कर दी गई।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक वर्ष 2017 में इस परियोजना के लिए 402.423 हेक्टेयर वन भूमि के डायवर्सन की अनुमति दी गई थी। जांच में यह भी पता चला कि गलत कटाई की वजह से अब 6 हजार 336 अतिरिक्त पेड़ों को काटना अनिवार्य हो गया है।
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले को पर्यावरण संरक्षण नियमों की अनदेखी माना है। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी तकनीकी त्रुटियों से बचने के लिए पेड़ों का दोबारा सत्यापन करने का निर्णय लिया गया है।
30 जून 2026