भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सभी प्रमुख मार्गों पर महापुरुषों के नाम से द्वार बनेंगे। प्रदेश सीएम डॉ मोहन यादव ने ये जानकारी दी है। सीएम मोहन यादव ने बताया कि यह निर्णय न सिर्फ इतिहास को सम्मान देगा, बल्कि लोगों में गर्व की भावना भी जगाएगा। भोपाल की सड़कों से गुजरते वक्त इन द्वारों के जरिए सम्राट विक्रमादित्य की सुशासन और राजा भोज की रचनात्मकता की यादें ताजा होंगी।
सीएम यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और भोपाल की पहचान हमारे वीर शासकों से रही है। सम्राट विक्रमादित्य ने 2100 साल पहले चक्रवर्ती शासक के रूप में सुशासन, न्याय, वीरता और ज्ञान का परिचय दिया था। उनके एक हजार साल बाद राजा भोज ने भी अद्वितीय शासन किया। भोपाल का बड़ा तालाब उनकी रचनाओं का जीवंत प्रमाण है। हमारा गौरवशाली अतीत हमें प्रेरणा देता है। इसे सामने लाने के लिए प्रमुख मार्गों पर महापुरुषों के नाम से द्वार बनाए जाएंगे।
सीएम ने आगे कहा कि भोपाल की विभिन्न ऐतिहासिक संरचनाओं में राजा भोज की छवि आज भी दिखाई देती है। राजा भोज ने बड़ा तालाब जैसे कई निर्माण करवाए। उनके दौर में हुए ये निर्माण सदियों बाद आज भी जन उपयोगी बने हुए हैं और इतिहास को जीवंत कर रहे हैं। हमारी राजधानी का गौरवशाली अतीत रहा है। उस अतीत को सामने लाने और उसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। इसलिए राजधानी के प्रमुख मार्गों पर वीर शासकों के नाम से द्वार बनाए जाएंगे। यह फैसला हमें उस दौर में ले जाएगा, जिससे हमारा मध्यप्रदेश और देश गौरवांवित हुआ है।