नितिन गडकरी ने दी एमपी को बड़ी सौगात, कहा- 2 साल के अंदर मध्यप्रदेश का नेशनल हाईवे रोड नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बनेगा

केंद्रीय मंत्री ने बदनावर में 5,800 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बोले- मध्यप्रदेश में 33 हजार करोड़ की लागत से 5 ग्रीनफील्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर बनेंगे

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज मध्य प्रदेश में हैं। उन्होंने धार के बदनावर में गुरुवार को प्रदेश के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। गडकरी ने रिमोट दबाकर बदनावर-उज्जैन फोरलेन का लोकार्पण किया। धार जिले के बदनावर में 1352 करोड़ लागत से तैयार इस फोरलेन का निर्माण भारत माला परियोजना के तहत किया गया है। गडकरी ने कार्यक्रम में कुल 5800 करोड़ की 328 किलोमीटर लंबी 10 सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया।

मध्यप्रदेश में 33 हजार करोड़ की लागत से 5 ग्रीनफील्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर बनेंगे। ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर विश्वस्तरीय आइकोनिक ब्रिज बनाया जाएगा। इसके अलावा 1200 करोड़ की लागत से 6 रोप भी बनाए जाएंगे। गडकरी ने मध्यप्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव की तारीफ करते हुए कहा कि सीएम डॉ यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार विकास कर रहा है। यह देखकर अच्छा लगता है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस दौरान कहा कि मध्य प्रदेश बहुत तेजी से प्रगति कर रहा है और मध्यप्रदेश की प्रगति के इतिहास को मैं बहुत नजदीक से देख रहा हूं। मैं आप सबको मध्यप्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री को, मंत्री जी को सांसदों को इस बात का विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आने वाले 2 साल के अंदर मध्यप्रदेश का नेशनल हाईवे रोड नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा बनेगा।

गडकरी ने यह भी कहा कि हम मध्यप्रदेश में सालभर में 3 लाख करोड़ रुपए का इंफ्रास्ट्रक्टर का काम पूरा करके देंगे। केवल रोड नहीं बनेंगे। दिल्ली-मुंबई से आप जुड़ जाएंगे तो जमीनों की कीमत बढ़ जाएगी। इंडस्ट्री आएगी, इंडस्ट्रियल क्लस्टर बनेंगे, गोडाउन बनेंगे। रोजगार मिलेगा तो गरीबी-भुखमरी से मुक्ति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *