दिल्ली चुनाव से पहले ‘कांग्रेस’ और ‘आप’ के बीच माहौल गरम, दिल्ली की सीएम ने कांग्रेस को दिया अल्टीमेटम

आतिशी बोलीं- कांग्रेस अजय माकन के खिलाफ 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करें। वर्ना हम इंडिया ब्लॉक से कांग्रेस पार्टी को अलग करने की मांग करेंगे

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने 25 दिसंबर को कहा था कि अरविंद केजरीवाल देशद्रोही हैं

आप नेता संजय सिंह बोले- दिल्ली चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए कांग्रेस हर संभव कोशिश कर रही है

नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव से पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच माहौल गरम हो गया है। आज दोपहर 1 बजे दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता संजय सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से अजय माकन पर कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा कि हम कांग्रेस पार्टी से मांग करते हैं कि वह माकन के खिलाफ 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करें। वर्ना हम इंडिया ब्लॉक से कांग्रेस पार्टी को अलग करने के लिए अन्य विपक्षी दलों से बात करेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि कांग्रेस के बयानों से यह स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस ने भाजपा के साथ समझौता कर लिया है। कल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल देशद्रोही हैं। मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहती हूं कि क्या उन्होंने कभी किसी भाजपा नेता पर यही आरोप लगाए हैं? नहीं। लेकिन आज कांग्रेस अरविंद केजरीवाल पर देशद्रोही होने का आरोप लगा रही है। कांग्रेस ने कल मेरे और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। क्यों? क्या कांग्रेस ने कभी किसी भाजपा नेता के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज कराई है?

सीएम आतिशी ने कहा कि हमें विश्वसनीय स्रोतों से पता चला है कि कांग्रेस उम्मीदवारों का चुनावी खर्च भाजपा से आ रहा है। अगर कांग्रेस को लगता है कि हम देशद्रोही हैं, तो उन्होंने हमारे साथ गठबंधन करके लोकसभा चुनाव क्यों लड़ा? यह स्पष्ट है कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के साथ आप को हराने और दिल्ली में भाजपा को जिताने के लिए कुछ आपसी समझौता किया है। अगर कांग्रेस और भाजपा के बीच कोई समझौता नहीं हुआ है, तो उन्हें 24 घंटे के भीतर अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

आप नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए कांग्रेस हर संभव कोशिश कर रही है। भाजपा कांग्रेस का फंडिंग कर रही है। अजय माकन भाजपा का स्क्रिप्ट पढ़ रहे हैं। अजय माकन ने अरविंद केजरीवाल को ‘देशद्रोही’ कहा, पार्टी 24 घंटे में उनके खिलाफ कार्रवाई करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *