इंदौर। शहर में होली की ड्यूटी पर तैनात थाना प्रभारी संजय पाठक की मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, संजय पाठक को सीने में दर्द की शिकायत के बाद बॉम्बे हॉस्पिटल लाया गया था। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इस दुखद खबर की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले से कोई बड़ी शारीरिक समस्या नहीं थी। इस घटना से हर कोई स्तब्ध है।
संजय पाठक इंदौर में आईजी ऑफिस में पदस्थ थे। होली के मौके पर उनकी ड्यूटी बेटमा इलाके में लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान ही उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। संजय पाठक की मृत्यु के कारण शनिवार को डीआरपी लाइन में आयोजित होने वाला पुलिस का होली मिलन समारोह निरस्त कर दिया गया। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
पाठक की ड्यूटी शुक्रवार को बेटमा में लगाई गई थी। वे आईजी ऑफिस में पदस्थ थे। वे मूल रूप से भोपाल के रहने वाले थे।
संजय पाठक 1988 बैच के अफसर थे। वे इंदौर में साउथ तुकोगंज में रहते थे। परिवार में दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सुरभि पाठक नेशनल शूटर है। वह इंडियन टीम में भी रह चुकी हैं। पत्नी हाउस वाइफ है। संजय पाठक जूडो कराटे में ब्लैक बेल्ट रह चुके हैं। इंदौर के कई थानों में उन्होंने ड्यूटी की है।