ममता को महामंडलेश्वर बनाने वाली महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को भी दिखाया गया बाहर का रास्ता
बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी महामंडलेश्वर पद से हटाई गई। ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाने और पट्टा अभिषेक कराने वाली किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को भी बाहर का रास्ता दिखाया गया है। किन्नर अखाड़े के संस्थापक अजय दास ने एक पत्र जारी कर इसकी पुष्टि की है।
किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजय दास ने ममता कुलकर्णी के साथ ही लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को आचार्य महामंडलेश्वर पद और अखाड़े से बाहर किया गया। किन्नर अखाड़े को जल्द नया आचार्य महामंडलेश्वर मिलेगा। ऋषि अजय दास ने कहा कि नए सिरे से अखाड़े का पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अखाड़े के नियमों का उल्लंघन करने के लिए लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को आचार्च पद और ममता को महामंडलेश्वर के पद से हटाया जा रहा है।
बता दें कि बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने कुछ दिन पहले ही प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में संन्यास का ऐलान किया था। ममता ने महाकुंभ के दौरान किन्नर अखाड़े में आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से मुलाकात की थी। इसके बाद ममता ने संगम पर पिंडदान की रस्म निभाई थी और उनका राज्याभिषेक किन्नर अखाड़े में हुआ था।